Connect with us
 

Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar

मीडिया प्रभाग के राष्ट्रीय अधिवेशन में ब्र.कु. मंजू दीदी ने किया छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व; सकारात्मक पत्रकारिता पर हुआ मंथन

*मीडिया प्रभाग के राष्ट्रीय अधिवेशन में ब्र.कु. मंजू दीदी ने किया छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व; सकारात्मक पत्रकारिता पर हुआ मंथन*

**बिलासपुर।** हिमाचल प्रदेश के पालमपुर स्थित *कैलाश मानसरोवर राजयोग भवन* में ब्रह्माकुमारीज़ मीडिया विंग द्वारा आयोजित छह दिवसीय *राष्ट्रीय मीडिया अधिवेशन एवं अनुभूति रीट्रीट* में बिलासपुर टिकरापारा सेवाकेंद्र प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ मीडिया विंग की स्टेट कोऑर्डिनेटर *ब्र.कु. मंजू दीदी* ने छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व किया। इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से आए पत्रकारों, मीडिया समन्वयकों एवं वरिष्ठ राजयोग शिक्षकों ने “शांति और सद्भावना की पुनर्स्थापना में मीडिया की भूमिका” विषय पर गहन मंथन किया।

 

अधिवेशन में मीडिया को केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने वाली शक्ति बताया गया। विभिन्न सत्रों में मूल्यनिष्ठ पत्रकारिता, सकारात्मक समाचारों को बढ़ावा देने, डिजिटल मीडिया के प्रभावी उपयोग, एआई आधारित मीडिया सेवाओं, पॉडकास्ट एवं मीडिया रिस्पॉन्स टीम के गठन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

 

मंजू दीदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि *“मीडिया साइंस है और राजयोग साइलेंस। जब दोनों का संगम होता है, तब समाज में सकारात्मक परिवर्तन, शांति और संस्कारों का वातावरण निर्मित होता है।”* उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता ऐसी पत्रकारिता की है, जो समाज में आशा, नैतिकता और भाईचारे को बढ़ावा दे।

 

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ मीडिया विंग के कार्यकारी सदस्य बिलासपुर टिकरापारा के ही *बी.के. विक्रम भाई* भी उपस्थित रहे। अधिवेशन के दौरान उन्हें सकारात्मक पत्रकारिता पर आधारित त्रैमासिक पत्रिका *‘मूल्यनिष्ठ मीडिया’* के लेआउट एवं डिज़ाइन कार्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। यह पत्रिका देशभर में मूल्यआधारित एवं सकारात्मक पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रकाशित की जाएगी।

 

अधिवेशन के दौरान मंजू दीदी के मंचीय प्रभार में मीडिया सेमिनार भी आयोजित किया गया जिसमें वरिष्ठ वक्ताओं ने पत्रकारों से निष्पक्ष, समाधानमूलक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। समापन अवसर पर देशभर से आए प्रतिनिधियों ने समाज निर्माण और विश्व शांति के लिए सकारात्मक एवं मूल्यआधारित पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

 

*— मीडिया विंग, ब्रह्माकुमारीज़, बिलासपुर*