Connect with us
 

Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar

छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष श्री रूपनारायण सिन्हा का निधन; ब्रह्माकुमारी बहनों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

**छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष श्री रूपनारायण सिन्हा का निधन; ब्रह्माकुमारी बहनों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि**

**योग एवं आध्यात्मिक जगत ने नम आंखों से दी श्री रूपनारायण सिन्हा को अंतिम विदाई**

*बिलासपुर टिकरापारा:* छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा को आज उनके निवास रायपुर में नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। उनके निधन से योग, सामाजिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। बड़ी संख्या में योग साधकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

 

रायपुर स्थित कबीर नगर निवास पर सुबह से ही अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। इसके पश्चात उनकी अंतिम यात्रा श्रद्धा एवं सम्मान के साथ निकाली गई, जिसमें अनेक गणमान्य नागरिक, योग प्रेमी एवं शुभचिंतक शामिल हुए। कबीर नगर मुक्ति धाम में पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।

 

ब्रह्माकुमारीज़ बिलासपुर टिकरापारा सेवा केंद्र की ओर से **ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी, गायत्री बहन, ईश्वरी बहन एवं संदीप भाई* ने उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार को ईश्वरीय संबल प्रदान किया।

 

मंजू दीदी ने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि श्री सिन्हा अत्यंत सरल, अनुशासित एवं आध्यात्मिक विचारों वाले व्यक्तित्व थे। वे नियमित रूप से सकारात्मक संदेश एवं प्रेरक विचार साझा कर लोगों को योग और आत्मिक शक्ति के प्रति जागरूक करते थे। जिस दिन उन्होंने देह त्याग किया उस दिन भी प्रातः 4:30 पर श्री सिन्हा उनके साथ प्रेरणादाई कहानी के माध्यम से शुभ विचार साझा किए थे और जब से वह छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष बने तब से ही प्रातः काल श्रेष्ठ विचार व्हाट्सएप के माध्यम से जरूर भेजा करते थे।

 

उन्होंने हाल ही में टिकरापारा सेवा केंद्र का दौरा कर योग एवं मानसिक शांति पर अपने अनुभव साझा किए थे। उन्हें ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र में बहनों के द्वारा बनाए गए ब्रह्मा भोजन से भी विशेष प्यार था बहुत ही स्नेह से वह प्रसाद स्वीकार किया करते थे।

 

अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।