Connect with us
 

Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar

इको केयर एवं डिजास्टर मैनेजमेंट अभियान लेकर बिलासपुर पहुंचा ब्रह्माकुमारीज़ का साइंटिस्ट, इंजीनियर व आर्किटेक्ट विंग

आपदा प्रबंधन का सबसे महत्वपूर्ण आधार है मानसिक सशक्तिकरण – बीके भारतभूषण

इको केयर एवं डिजास्टर मैनेजमेंट अभियान लेकर बिलासपुर पहुंचा ब्रह्माकुमारीज़ का साइंटिस्ट, इंजीनियर व आर्किटेक्ट विंग

6 अगस्त को शिव अनुराग भवन में 10 करोड़ नशामुक्त भारत संकल्प महाअभियान का होगा जिला स्तरीय शुभारंभ : बीके मंजू दीदी

बिलासपुर, 28 जुलाई।  ब्रह्माकुमारीज़ के साइंटिस्ट, इंजीनियर एवं आर्किटेक्ट (SEA) विंग द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी “इको केयर एवं डिजास्टर मैनेजमेंट” अभियान के अंतर्गत सोमवार को प्रेस क्लब, बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन तथा नशामुक्त भारत के निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। प्रेस वार्ता में ब्रह्माकुमारीज़ के वरिष्ठ प्रेरक वक्ता एवं SEA विंग के राष्ट्रीय संयोजक ब्रह्माकुमार भारत भूषण भाई ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण, प्राकृतिक आपदाएँ और मानसिक तनाव जैसी चुनौतियाँ केवल वैज्ञानिक उपायों से नहीं, बल्कि आध्यात्मिक मूल्यों और सकारात्मक सोच के समन्वय से ही प्रभावी ढंग से कम की जा सकती हैं।

 

उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ का संदेश “Clean Thoughts = Clean Environment” केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवन जीने की दिशा है। जब व्यक्ति के विचार स्वच्छ होंगे, तब उसका व्यवहार बदलेगा और उसी के परिणामस्वरूप परिवार, समाज तथा पर्यावरण में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देगा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, ऊर्जा की बचत, प्लास्टिक के कम उपयोग, हरित जीवनशैली तथा राजयोग मेडिटेशन को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन का सबसे महत्वपूर्ण आधार मानसिक सशक्तिकरण है। यदि व्यक्ति मानसिक रूप से मजबूत होगा, तो किसी भी संकट का धैर्य और विवेक के साथ सामना कर सकेगा।

 

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी टिकरापारा एवं राजकिशोर नगर सेवा केन्द्र प्रभारी तथा मीडिया विंग की स्टेट कोऑर्डिनेटर ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने “10 करोड़ नशामुक्ति  प्रतिज्ञा महाअभियान” की जानकारी देते हुए बताया कि ब्रह्माकुमारीज़ पूरे देश में नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ 2 अगस्त को दिल्ली में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से होगा, जिसके पश्चात 3 अगस्त से राज्य स्तरीय व जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

मंजू दीदी ने जानकारी दी कि 6 अगस्त को प्रातः 11 बजे राजकिशोर नगर स्थित शिव अनुराग भवन में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष माननीय श्री संजय अग्रवाल जी के मुख्य आतिथ्य में “10 करोड़ नशामुक्त भारत संकल्प महाअभियान” का जिला स्तरीय शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, चिकित्सक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में युवा और नागरिक उपस्थित रहेंगे।

 

उन्होंने बताया कि 6 अगस्त से 20 अगस्त तक यह महाअभियान पूरे देश में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। इस दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय एवं निजी संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, ग्राम पंचायतों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के माध्यम से नशामुक्ति संकल्प, जनजागरण कार्यक्रम, संगोष्ठियाँ, रैलियाँ, संवाद एवं राजयोग मेडिटेशन सत्र आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य 10 करोड़ नागरिकों को नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाकर स्वस्थ, जागरूक, संस्कारित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

 

प्रेस वार्ता के अंत में मीडिया प्रतिनिधियों से पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन तथा नशामुक्त भारत जैसे जनहित के अभियानों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने में सक्रिय सहयोग की अपील की गई।

 

मीडिया प्रकोष्ठ

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय

टिकरापारा एवं राजकिशोर नगर सेवाकेन्द्र, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

संपर्क: 98938-82767 (ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी), 91097-73705 (ब्रह्माकुमारी गायत्री दीदी)

Continue Reading
Advertisement