Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar
तनावभरी जिंदगी में सुकून का नया ठिकाना बनी ‘बाबा की कुटिया’
तनावभरी जिंदगी में सुकून का नया ठिकाना बनी ‘बाबा की कुटिया’
टिकरापारा स्थित ब्रह्माकुमारीज़ प्रभु दर्शन भवन में निःशुल्क ध्यान, आत्मचिंतन और मानसिक शांति का मिलेगा अनुभव
बिलासपुर। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बढ़ते तनाव, चिंता और मानसिक दबाव के बीच शहरवासियों के लिए टिकरापारा स्थित ब्रह्माकुमारीज़ प्रभु दर्शन भवन में मधुबन की प्रेरणा से सुसज्जित ‘बाबा की कुटिया’ शांति और सकारात्मक ऊर्जा का नया केंद्र बनकर सामने आई है। शांत, प्राकृतिक और आध्यात्मिक वातावरण से युक्त यह कुटिया लोगों को कुछ पल आत्मचिंतन, ध्यान और परमात्म स्मृति में बैठकर मानसिक सुकून का अनुभव करने का अवसर प्रदान कर रही है।
कुटिया का निर्माण इस उद्देश्य से किया गया है कि व्यस्त जीवन के बीच हर व्यक्ति स्वयं के लिए कुछ शांत क्षण निकाल सके। यहाँ बैठकर मन सहज रूप से शांत होता है, सकारात्मक विचारों का अनुभव होता है और तनाव से राहत मिलती है। विद्यार्थी, युवा, महिलाएँ, नौकरीपेशा लोग तथा वरिष्ठ नागरिक—सभी के लिए यह स्थान समान रूप से उपयोगी है।
सेवाकेन्द्र प्रभारी ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने बताया कि कुटिया में आने के लिए किसी प्रकार का शुल्क या सदस्यता आवश्यक नहीं है। यहाँ नियमित रूप से निःशुल्क राजयोग मेडिटेशन तथा सकारात्मक और तनावमुक्त जीवनशैली का मार्गदर्शन भी दिया जाता है। किसी भी धर्म, जाति या वर्ग का व्यक्ति यहाँ आकर आध्यात्मिक शांति का अनुभव कर सकता है।
ब्रह्माकुमारीज़ प्रभु दर्शन भवन, टिकरापारा, बिलासपुर ने सभी शहरवासियों से इस आध्यात्मिक कुटिया में पधारकर निःशुल्क ध्यान, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का लाभ लेने का आग्रह किया है।










