Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar
शांति, प्रेम, अनुशासन, सेवा और आध्यात्मिकता के संस्कार बचपन से ही डालें अभिभावक – ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी*
*शांति, प्रेम, अनुशासन, सेवा और आध्यात्मिकता के संस्कार बचपन से ही डालें अभिभावक – ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी*
*‘उड़ान’ बाल संस्कार शिविर का भव्य समापन, संस्कारों और खुशियों के साथ बच्चों को मिली नई उड़ान*
*बिलासपुर।* टिकरापारा स्थित ब्रह्माकुमारीज़ ‘ प्रभु दर्शन भवन’ में आयोजित 12 दिवसीय ‘उड़ान’ बाल संस्कार शिविर का रंगारंग एवं भावनात्मक समापन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लायंस क्लब…. के अध्यक्ष डॉ लव श्रीवास्तव तथा रेलवे के चीफ मटेरियल मैनेजर ओम प्रकाश सिंह जी उपस्थित रहे। ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
समारोह में बच्चों ने “अच्युचुतम केशवम” एवं “भारत वंदे मातरम” जैसे गीतों पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। शिविर के प्रतिभागियों साक्षी, श्रेयांश, विराट एवं मायरा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शिविर ने उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास, योग, ध्यान, सेवा एवं माता-पिता के सम्मान जैसे श्रेष्ठ संस्कार सिखाए हैं। बच्चों ने कहा कि यहाँ सुनाई गई प्रेरणादायक कहानियों और गतिविधियों से उन्हें जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा मिली।
मुख्य अतिथियों द्वारा बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप विशेष उपहार किट्स प्रदान किए गए, जिनमें ‘ॐ शांति’ अंकित पेन, नैपकिन एवं टोली शामिल थी। शिविर की विशेष उपलब्धि यह रही कि सभी बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए QR कोड आधारित डिजिटल ई-सर्टिफिकेट प्रदान किए गए, जिसे बच्चों एवं अभिभावकों ने बेहद सराहा।
अपने आशीर्वचन में ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने कहा कि आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं। यदि बचपन से ही उनमें शांति, प्रेम, अनुशासन, सेवा और आध्यात्मिकता के संस्कार डाले जाएँ, तो वे स्वयं के साथ समाज और राष्ट्र को भी नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने बच्चों को माता-पिता का सम्मान करने, मोबाइल की लत से दूर रहने और प्रतिदिन कुछ समय योग एवं ध्यान के लिए निकालने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक राजयोग ध्यान एवं ग्रुप फोटो के साथ हुआ। पूरे समारोह में बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और अभिभावकों की उपस्थिति ने वातावरण को आनंदमय बना दिया।
**मीडिया प्रभाग**
ब्रह्माकुमारीज़




