Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar
*छठ महापर्व में समाया है पवित्रता, प्रकृति और परमात्मा का गहरा संदेश : मंजू दीदी*
*छठ महापर्व में समाया है पवित्रता, प्रकृति और परमात्मा का गहरा संदेश : मंजू दीदी*
*टिकरापारा में रविवार विशेष सत्संग*
*ढलते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने से लेकर छठी मैया तक के आध्यात्मिक रहस्यों को किया स्पष्ट*
**बिलासपुर।** ब्रह्माकुमारीज़ के प्रभु दर्शन भवन टिकरापारा सेवाकेंद्र में आयोजित रविवार विशेष क्लास में ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने छठ महापर्व के आध्यात्मिक रहस्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व सूर्य देवता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के अवसर के साथ पवित्रता, संयम और श्रेष्ठ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी देता है।
उन्होंने बताया कि छठ में चार दिनों तक स्वच्छता, ब्रह्मचर्य और सात्त्विक आहार का विशेष महत्व है। भक्त कुछ दिनों के लिए व्रत रखते हैं। यह यादगार है वर्तमान संगमयुग का जहाँ स्वयं परमात्मा शिव बाबा से ज्ञान प्राप्त कर आत्मा जीवनभर पवित्रता और सात्त्विकता का व्रत अपना सकती है।
ढलते और उगते सूर्य का आध्यात्मिक रहस्य समझाते हुए उन्होंने कहा कि अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देना पुरानी बुराइयों और विकारों को विदाई देने का प्रतीक है, जबकि उगते सूर्य का स्वागत ज्ञान सूर्य परमात्मा द्वारा लाई जाने वाली नई सतयुगी दुनिया के आगमन का संदेश देता है। जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा में प्रकृति के साथ जुड़ाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का भाव भी समाया है।
मंजू दीदी ने 36 घंटे के उपवास को परमात्मा के समीप रहने और उनकी याद में स्थित होने का अभ्यास बताया। उन्होंने कहा कि सूप की तरह हमारी बुद्धि भी ऐसी होनी चाहिए, जो व्यर्थ बातों को बाहर निकालकर श्रेष्ठ विचारों को ग्रहण करे। नारियल अर्पित करना अपने देह-अभिमान और अहंकार को परमात्मा के सामने समर्पित करने का प्रतीक है।
**छठी मैया और ब्रह्मा माँ के आध्यात्मिक रहस्य** पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि छठ पूजा में गृहस्थ परिवार स्वयं स्वच्छता और पवित्रता के साथ पूजा-अर्चना करता है। इसी प्रकार प्रत्येक आत्मा अपने गृहस्थ जीवन को पवित्र और श्रेष्ठ बना सकती है। आध्यात्मिक दृष्टि से छठी मैया को ब्रह्मा की मानस पुत्री के रूप में समझाते हुए उन्होंने परमात्मा शिव बाबा द्वारा पिताश्री ब्रह्मा बाबा के माध्यम से नई सृष्टि की स्थापना और आत्माओं के कल्याण का संदेश दिया।
इसी उद्देश्य से अपने शक्ति स्वरूप स्थिति में स्थित हो, ज्ञान सूर्य की शक्तिशाली किरणों को स्वयं में धारण कर उन किरणों द्वारा विश्व परिवर्तन की सेवा में सहयोगी बनने हेतु आज शाम तृतीय रविवार सामूहिक योग का आयोजन रखा गया है।







