Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar
*गुरु नानक देव जी का ‘एक ओंकार’ संदेश विश्व बंधुत्व और आध्यात्मिक एकता का आधार : ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी*
*गुरु नानक देव जी का ‘एक ओंकार’ संदेश विश्व बंधुत्व और आध्यात्मिक एकता का आधार : ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी*
*प्रकाश पर्व पर चैतन्य जीवन, सेवा, त्याग और नैतिक मूल्यों को अपनाने का किया आह्वान*
**राज किशोर नगर, बिलासपुर :** ब्रह्माकुमारीज़ शिव-अनुराग भवन, राज किशोर नगर में गुरु नानक देव जी की जयंती – प्रकाश पर्व के अवसर पर आध्यात्मिक संदेश देते हुए बीके मंजू दीदी ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी संपूर्ण मानवता को सत्य, प्रेम, समानता और एक परमात्मा से जुड़ने की प्रेरणा देती हैं। उनका संदेश ‘एक ओंकार सतनाम’ इस बात का प्रतीक है कि परमात्मा एक है और हम सभी एक ही परमपिता की संतान हैं।
मंजू दीदी ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और छुआछूत से ऊपर उठकर मानवता का संदेश दिया। सत्य, अनुशासन, करुणा और निस्वार्थ सेवा उनके जीवन की प्रमुख शिक्षाएं थीं। गुरुद्वारों में चलने वाली लंगर परंपरा बिना किसी भेदभाव के सेवा और समानता का अनुपम उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने नशे, चोरी, झूठ और अनैतिक आचरण से दूर रहने तथा महिलाओं का सम्मान करने की शिक्षा दी।
बीके मंजू दीदी ने कहा कि सभी धर्मों का मूल संदेश प्रेम, शांति और सद्भाव है। परमात्मा एक है – जब हम इस आध्यात्मिक सत्य को समझकर जीवन में अपनाएंगे, तब धर्म के नाम पर होने वाले भेदभाव और संघर्ष समाप्त होंगे।
अंत में उन्होंने सभी को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने और अपने श्रेष्ठ कर्मों से संसार में सुख, शांति एवं प्रेम का प्रकाश फैलाने का आह्वान किया।





