Connect with us
 

Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar

प्रकृति का अनमोल उपहार है आंवला इसलिए वंदनीय : बीके मंजू दीदी

*प्रकृति का अनमोल उपहार है आंवला इसलिए वंदनीय : बीके मंजू दीदी* 

 सदगुरुवार विशेष क्लास में बताया आंवला नवमी पर्व का आध्यात्मिक महत्व

*बिलासपुर, टिकरापारा।* ब्रह्माकुमारीज़ प्रभु दर्शन भवन टिकरापारा सेवाकेन्द्र में आयोजित सदगुरुवार विशेष क्लास में आंवला नवमी का महत्व बताया गया।

मंजू दीदी ने कहा इसे अक्षय नवमी भी कहा जाता है। यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वास्थ्य और श्रेष्ठ कर्मों की प्रेरणा देने वाला पर्व है। भारतीय संस्कृति के प्रत्येक त्योहार के पीछे गहरा आध्यात्मिक रहस्य छिपा है। हमें इन परंपराओं के महत्व को समझकर जीवन में धारण करना चाहिए।

 

दीदी ने कहा कि आंवला औषधीय गुणों से भरपूर प्रकृति का अनमोल उपहार है। हमारे बड़े-बुजुर्ग भी इसके सेवन को स्वास्थ्य और स्मरण शक्ति के लिए लाभकारी बताते आए हैं। आंवले के वृक्ष की पूजा हमें प्रकृति के प्रति सम्मान और उसके संरक्षण का संदेश देती है। तुलसी, बेलपत्र और आंवले जैसे पौधे धार्मिक महत्व के साथ-साथ औषधीय गुणों से भी भरपूर हैं।

 

उन्होंने बेलपत्र के तीन पत्तों को ब्रह्मा, विष्णु और शंकर के तीन कर्तव्यों स्थापना, पालना और विनाश का प्रतीक बताते हुए कहा कि हमें भी जीवन में श्रेष्ठ संस्कारों की स्थापना, उनकी पालना और बुराइयों का विनाश करना है।

 

*अक्षय पुण्य का वास्तविक आधार श्रेष्ठ कर्म*

 

मंजू दीदी ने कहा कि अक्षय का अर्थ है जिसका कभी क्षय न हो। हमारी वास्तविक संपत्ति धन-दौलत नहीं, बल्कि श्रेष्ठ संस्कार, ज्ञान, गुण और शक्तियां हैं। राजयोग मेडिटेशन से परमात्मा के साथ संबंध जोड़कर आत्मा में शांति, प्रेम और पवित्रता की शक्ति बढ़ाई जा सकती है। अन्न, वस्त्र और ज्ञान का दान करने के साथ हमें खुशी, प्रेम और शांति का भी दान करना चाहिए। क्रोध बांटेंगे तो क्रोध बढ़ेगा और खुशियां बांटेंगे तो खुशियां बढ़ेंगी।

 

उन्होंने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा घरों में आंवला, तुलसी सहित औषधीय पौधे लगाने का आह्वान किया।