Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar
ग्रामीण अंचलों तक पहुंचेगा 10 करोड़ नशामुक्ति संकल्प अभियान, प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे राष्ट्रीय शुभारंभ
*”ग्रामीण अंचलों तक पहुंचेगा 10 करोड़ नशामुक्ति संकल्प अभियान, प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे राष्ट्रीय शुभारंभ”*
*10 करोड़ नशामुक्ति संकल्प महाअभियान के लिए ब्रह्माकुमारीज़ पूरी तरह तैयार*
2 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम से रायपुर शांति सरोवर सहित देश के 30 प्रमुख ब्रह्माकुमारीज़ सेवा केंद्र वर्चुअली होंगे सीधे जुड़े
6 अगस्त को शिव अनुराग भवन में योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल की उपस्थिति में 5 संस्थाओं के सहयोग से होगा जिला स्तरीय शुभारंभ
बिलासपुर। देश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) एवं ब्रह्माकुमारीज़ के संयुक्त तत्वावधान में प्रारंभ हो रहे “नशामुक्त युवा–विकसित भारत एवं 10 करोड़ नशामुक्ति संकल्प महाअभियान” को लेकर बिलासपुर में व्यापक जनजागरण प्रारंभ हो चुका है। ब्रह्माकुमारीज़ अपने नवदशकोत्सव वर्ष के अंतर्गत देशभर में 10 करोड़ नागरिकों से नशामुक्ति की प्रतिज्ञा कराने के संकल्प को सफल बनाने हेतु जिले में व्यापक स्तर पर अभियान चला रहा है।
ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी के मार्गदर्शन में टिकरापारा, राजकिशोर नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों—मस्तूरी, सरसेनी, कोटमीसुनार, नरियरा, अकलतरी, पोड़ी, सोनसरी, बरगवां, बलौदा आदि में अभियान की तैयारियां तेज़ हैं। आगामी दिनों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक एवं सेवा संगठनों तथा युवा समूहों को अभियान से जोड़ने की कार्ययोजना बनाई गई है।
*मंजू दीदी ने बताया कि 2 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय स्तर पर इस महाअभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ के रायपुर स्थित शांति सरोवर सहित देशभर के 30 प्रमुख सेवा केंद्र प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से सीधे जुड़ेंगे। बिलासपुर के टिकरापारा एवं राजकिशोर नगर सेवा केंद्रों पर भी सभी ब्रह्माकुमार-बहनें, सेवाधारी एवं सदस्य सामूहिक रूप से इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे तथा नशामुक्त भारत का संकल्प दोहराएंगे।*
*राष्ट्रीय शुभारंभ के उपरांत 6 अगस्त को शिव अनुराग भवन, राजकिशोर नगर, बिलासपुर में* अभियान का स्थानीय स्तर पर शुभारंभ समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे। समारोह में शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं तथा विद्यार्थियों की सहभागिता रहेगी।
मंजू दीदी ने कहा कि “नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं।” उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ का यह अभियान केवल नशा छोड़ने का संदेश नहीं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास, आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों एवं सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने का जनआंदोलन है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।





