Connect with us
 

Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar

प्रभु दर्शन भवन में मना गुड़ी पाड़वा का पर्व 

नववर्ष में स्वस्थ, संतुलित एवं आध्यात्मिक जीवन अपनाने का लें संकल्प – ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी

प्रभु दर्शन भवन में मना गुड़ी पाड़वा का पर्व

बिलासपुर टिकरापारा : ब्रह्माकुमारीज़ के प्रभु दर्शन भवन में हिन्दू नववर्ष एवं गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर एक विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने सभी साधकों एवं उपस्थित जनसमुदाय को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए स्वस्थ, संतुलित एवं आध्यात्मिक जीवन अपनाने का प्रेरणादायक संदेश प्रदान किया।

 

अपने उद्बोधन में दीदी जी ने गुड़ी पड़वा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व केवल नववर्ष का प्रारंभ नहीं, बल्कि आत्मिक नवजागरण, सकारात्मक संकल्पों और जीवन में नवीन ऊर्जा के संचार का प्रतीक है। यह समय अपने विचारों, संस्कारों और जीवनशैली को शुद्ध एवं श्रेष्ठ बनाने का अवसर प्रदान करता है।

 

दीदी जी ने आगे बताया कि गुड़ी पड़वा पर ग्रहण की जाने वाली पारंपरिक स्वास्थ्यवर्धक चटनी, जिसमें नीम, इमली, गुड़ एवं हींग जैसे तत्व सम्मिलित होते हैं, केवल एक परंपरा नहीं बल्कि जीवन का गहन संदेश देती है। इस चटनी के माध्यम से यह शिक्षा मिलती है कि जीवन में आने वाले विभिन्न अनुभव—कड़वे, मीठे, खट्टे—सभी को समान भाव से स्वीकार कर आगे बढ़ना ही सच्चा आध्यात्मिक दृष्टिकोण है।

 

उन्होंने इसके स्वास्थ्य लाभों का उल्लेख करते हुए बताया कि यह मिश्रण शरीर को ऋतु परिवर्तन के अनुरूप ढालने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा पाचन तंत्र को सुदृढ़ करने में सहायक है।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी साधकों को उक्त चटनी प्रसाद के रूप में वितरित की गई, जिसे सभी ने श्रद्धा एवं आनंदपूर्वक ग्रहण किया।

 

अंत में सभी उपस्थित जनों ने नववर्ष को आध्यात्मिक उन्नति, उत्तम स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवनशैली के साथ मनाने का संकल्प लिया।