Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar
एलेन स्कूल में “माइंड मैपिंग, पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन” विषय पर प्रेरणादायी संगोष्ठी का आयोजन
*शरीर हार्डवेयर, मन सॉफ्टवेयर: विद्यार्थियों को मिला सफलता का सूत्र- ब्रह्मा कुमार पीयूष भाई जी*
बिलासपुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की साइंटिस्ट एंड इंजीनियरिंग विंग के तत्वावधान में एलेन स्कूल में “माइंड मैपिंग, पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन” विषय पर प्रेरणादायी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ब्रह्माकुमारीज़ टिकरापारा सेवा केंद्र की संचालिका बीके मंजू दीदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता माउंट आबू से पधारे बीके पीयूष भाई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज सबसे अधिक भ्रम मन (Mind) को लेकर है। अधिकांश विद्यार्थी मन को शरीर का एक अंग मानते हैं, जबकि आध्यात्मिक दृष्टि से शरीर हार्डवेयर है और मन उसका सॉफ्टवेयर। उन्होंने कहा कि “What is mind does not matter, what matters does not mind” अर्थात मन को सही दिशा देने वाला व्यक्ति ही जीवन में वास्तविक सफलता प्राप्त करता है।
उन्होंने कहा कि हम अपने जीवन का लगभग 99 प्रतिशत ध्यान शरीर (हार्डवेयर) पर देते हैं, जबकि मन रूपी सॉफ्टवेयर को शक्तिशाली बनाने पर बहुत कम ध्यान देते हैं। यदि मन सकारात्मक, एकाग्र और शांत हो जाए तो जीवन की हर चुनौती अवसर में बदल सकती है। उन्होंने महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन का उदाहरण देते हुए बताया कि असाधारण उपलब्धियाँ केवल बुद्धिमत्ता से नहीं, बल्कि सकारात्मक चिंतन, कल्पनाशक्ति और गहन एकाग्रता से प्राप्त होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को माइंड मैपिंग तकनीक अपनाकर अपनी स्मरण शक्ति, रचनात्मकता एवं निर्णय क्षमता बढ़ाने का संदेश दिया।
भिलाई से पधारी बीके माधुरी दीदी ने पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन पर अपने प्रेरक विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल एवं ऊर्जा बचाने तथा आपदा के समय जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में एलेन स्कूल के निर्देशक किरण चावला,एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने वक्ताओं के विचारों को अत्यंत प्रेरणादायक एवं व्यवहारिक बताते हुए कार्यक्रम की सराहना की। तथा बच्चों ने भी अपना अनुभव साझा किये |
कार्यक्रम के समापन पर बीके समीक्षा बहन ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सकारात्मक जीवनशैली, नशामुक्त समाज के निर्माण तथा मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरक प्रतिज्ञा दिलाई। अंत में सभी ने अपने जीवन में इन संकल्पों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया |











