Connect with us
 

Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar

मन की सुरक्षा से ही संभव है सुरक्षित खदान : एसईसीएल में “Mine Safety & Mind Safety” कार्यक्रम का सफल आयोजन

मन की सुरक्षा से ही संभव है सुरक्षित खदान : एसईसीएल में “Mine Safety & Mind Safety” कार्यक्रम का सफल आयोजन
SECL – Inner Excellence Series का शुभारंभ, सकारात्मक सोच, आत्म-विकास एवं सुरक्षित कार्य संस्कृति पर दिया गया विशेष बल
“Mind Safety ही Mine Safety की सबसे मजबूत नींव है” – बी.के. पीयूष भाई
“स्वयं को बेहतर बनाइए, राष्ट्र निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान दीजिए” – सीएमडी, एसईसीएल श्री हरीश दुहन
दिनांक 28 जुलाई 2026 को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, बिलासपुर स्थित ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय अभियान “पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन” के अंतर्गत “Mine Safety & Mind Safety – सुरक्षित मन, सुरक्षित खदान” विषय पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर SECL – Inner Excellence Series का औपचारिक शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य कर्मचारियों के व्यक्तित्व विकास, मानसिक सशक्तिकरण, सकारात्मक कार्य संस्कृति तथा कार्यस्थल पर उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का आयोजन एसईसीएल एवं ब्रह्माकुमारीज़, साइंटिस्ट्स, इंजीनियर्स एवं आर्किटेक्ट्स (SEA Wing) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन थे। मुख्य वक्ता के रूप में ब्रह्माकुमारीज़, साइंटिस्ट्स, इंजीनियर्स एवं आर्किटेक्ट्स (SEA Wing) के राष्ट्रीय समन्वयक बी.के. पीयूष भाई उपस्थित रहे। इस अवसर पर , निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री रमेश चन्द्र महापात्र , ब्रह्माकुमारीज़ की बीके मंजू दीदी , सहित एसईसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, राष्ट्रगान एवं ईश्वरीय स्मृति के साथ हुआ। तत्पश्चात अतिथियों का शॉल, श्रीफल, पौधे एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके उपरांत SECL – Inner Excellence Series का शुभारंभ किया गया। इस श्रृंखला के माध्यम से एसईसीएल अपने कर्मचारियों में मानसिक सुदृढ़ता, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता तथा कार्यस्थल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक नई पहल कर रहा है।
मुख्य वक्ता बी.के. पीयूष भाई ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि किसी भी खदान की वास्तविक सुरक्षा केवल आधुनिक तकनीक या मशीनों से नहीं, बल्कि वहाँ कार्य करने वाले प्रत्येक कर्मचारी के संतुलित, शांत एवं सकारात्मक मन से सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि यदि मन सुरक्षित और सकारात्मक होगा तो कार्यस्थल पर सुरक्षा, उत्पादकता तथा कार्यक्षमता स्वतः बढ़ेगी। उन्होंने दैनिक जीवन में समय पर सोने, सदैव प्रसन्न रहने, अपने आसपास सकारात्मक एवं उच्च ऊर्जा (High Energy Zone) का वातावरण बनाए रखने तथा आज का कार्य आज ही पूरा करने की आदत विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भविष्य की चिंता करने के बजाय वर्तमान को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सफलता के लिए Smart Work के साथ 100 प्रतिशत समर्पण, विनम्रता एवं निरंतर आत्म-विकास को आवश्यक बताते हुए सभी से ध्यान (Meditation) को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने श्रेष्ठ कर्मों और सकारात्मक सोच के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
कार्यक्रम के दौरान SECL – Inner Excellence Series का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन के प्रति सामूहिक शपथ दिलाई गई। साथ ही ध्यान साधना का विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को ध्यान के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक लाभों की जानकारी देते हुए मानसिक शांति, तनावमुक्त जीवन एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को प्रतिदिन स्वयं को पहले से बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईश्वर एवं अपने परिवार के प्रति सदैव कृतज्ञ रहकर एसईसीएल के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में एसईसीएल की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रत्येक कर्मचारी का समर्पित कार्य विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों से स्मार्ट वर्क, सकारात्मक सोच और 100 प्रतिशत समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए “प्रोजेक्ट धरा शक्ति” को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एसईसीएल की एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मानसिक स्वास्थ्य, ध्यान, सकारात्मक जीवनशैली एवं कार्यस्थल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका बी.के. पीयूष भाई ने सरल एवं प्रेरणादायी उदाहरणों के माध्यम से विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।
स्वागत उद्बोधन महाप्रबंधक (अंडरग्राउंड माइनिंग) श्री अजय कुमार तिवारी द्वारा दिया गया एवं मंच संचालन तथा धन्यवाद ज्ञापन वरुण शर्मा , वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन ) द्वारा किया गया ।