Connect with us
 

Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar

शिव-अनुराग भवन में गुरु उत्सव का हुआ आयोजन ; कुलपति प्रो. वीरेंद्र कुमार सारस्वत ने कहा- भारतीय जीवन मूल्यों और पारिवारिक संवाद को मजबूत करने की जरूरत*

*वंदे मातरम् मित्र मंडल की 261वीं बैठक में राष्ट्रभक्ति के साथ नशामुक्ति का संकल्प*

 

*ब्रह्माकुमारीज़ के शिव-अनुराग भवन में गुरु उत्सव का हुआ आयोजन ; कुलपति प्रो. वीरेंद्र कुमार सारस्वत ने कहा- भारतीय जीवन मूल्यों और पारिवारिक संवाद को मजबूत करने की जरूरत*

*बिलासपुर।* राजकिशोर नगर स्थित शिव-अनुराग भवन में रविवार को *वंदे मातरम् मित्र मंडल की 261वीं साप्ताहिक बैठक, गुरु पूजन एवं 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान* का संयुक्त आयोजन हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया गया। ब्रह्माकुमारीज़ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों ने नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।

 

*भारतीय जीवन मूल्यों और परिवार को मजबूत करने की जरूरत*

 

कार्यक्रम के अध्यक्ष *पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विवि के कुलपति प्रो. वीरेंद्र कुमार सारस्वत* ने कहा कि विज्ञान और तकनीक के विकास के बावजूद आज डिप्रेशन और एंजायटी जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि केवल भौतिक सुविधाएं जीवन को सुखी नहीं बना सकतीं। परिवार में संवाद, संस्कार और बेहतर पेरेंटिंग की आवश्यकता है। उन्होंने भारतीय जीवन पद्धति और प्रकृति के साथ संतुलित जीवनशैली को अपनाने पर जोर दिया।

 

*261 सप्ताह से सेवा कार्यों में सक्रिय मंडल*

 

*वंदे मातरम् मित्र मंडल के प्रांत अध्यक्ष महेंद्र जैन* ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंडल लगातार 261 सप्ताह से विभिन्न सामाजिक कार्यों में सक्रिय है। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से *15 अगस्त तक ‘लव जिहाद : समस्या और समाधान’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता* भी आयोजित की जा रही है। उनके अनुसार, मंडल द्वारा शहर के 53 मंदिरों में नियमित हनुमान चालीसा पाठ की व्यवस्था भी की गई है।

 

*मंजू दीदी ने कहा- नशा छोड़ने का संकल्प राष्ट्रसेवा का संकल्प*

 

*ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी* ने कार्यक्रम में *10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान* की जानकारी देते हुए कहा कि देशभर में 4 करोड़ लोग नशे से दूर रहने का संकल्प ले चुके हैं। बिलासपुर में भी अभी तक करीब *32 हजार से अधिक लोगों* ने नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ली है। उन्होंने कहा कि संकल्प; परिवर्तन की शुरुआत है और नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं।

 

मंजू दीदी ने नशे के दुष्परिणाम समझाने के लिए *’राजा बेटा’ की प्रेरक कहानी* सुनाई। व्यंग्य के माध्यम से उन्होंने बताया कि नशे की तथाकथित ‘खुशियों’ के पीछे व्यक्ति अपना स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य खो देता है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि *मां की मुस्कान, पिता के सपने और बहन की राखी का इंतजार* भी छीन लेता है। उन्होंने नशे की गिरफ्त में आए लोगों का तिरस्कार करने के बजाय प्रेम और सम्मान के साथ उन्हें सही दिशा देने की अपील की।

 

*नशामुक्ति से राष्ट्रसेवा तक जोड़ा संदेश*

 

मंजू दीदी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का जीवन अनमोल है। परिवर्तन की शुरुआत एक छोटे से संकल्प से होती है। यदि व्यक्ति दृढ़ता से एक कदम आगे बढ़ाता है तो ईश्वरीय शक्ति उसकी मदद करती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में *नन्हीं कलाकार अनन्या* ने प्रेरणादायक नृत्य प्रस्तुत किया। संगठन गीत एवं अन्य कार्यक्रमों के साथ वातावरण राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिक भाव से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम का संचालन *पार्थो मुखर्जी व मंजू दीदी* ने किया। संघ प्रार्थना, ध्वज प्रणाम एवं गुरु दक्षिणा के बाद ब्रह्माकुमारी बहनों ने सभी सदस्यों को रक्षा सूत्र बांधा एवं प्रसाद दिया।