Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar
मुश्किलों से टूटें नहीं, संभलकर आगे बढ़ें युवा : ब्र.कु. मंजू दीदी*
*मुश्किलों से टूटें नहीं, संभलकर आगे बढ़ें युवा : ब्र.कु. मंजू दीदी*
*अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं को आत्मबल, सकारात्मक सोच और विपरीत परिस्थितियों से उबरने का संदेश*
बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ टिकरापारा की प्रभारी मंजू दीदी ने युवाओं को आत्मबल, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवन अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक और उद्देश्यपूर्ण जीवन जीना ही सशक्त युवा की पहचान है।
उन्होंने कहा कि जीवन में असफलता, नुकसान और कठिन परिस्थितियां आना स्वाभाविक है, लेकिन उनसे टूटने के बजाय स्वयं को संभालकर दोबारा प्रयास करना ही सच्ची जीत है। विपरीत परिस्थितियों से उबरकर आगे बढ़ने की क्षमता को मजबूत बनाकर युवा हर चुनौती का सामना कर सकते हैं। इसके लिए नशे, हिंसा, अपराध और नकारात्मक संगति से दूर रहना, अपनी भावनाओं को पहचानना, परिवार व मित्रों से संवाद करना तथा सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति के संकल्प को अपनाने और अपने साथियों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
मंजू दीदी ने कहा कि आत्मविश्वास, धैर्य, सहनशीलता, भावनात्मक समझ, समस्या समाधान की क्षमता और सकारात्मक दृष्टिकोण युवाओं को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने युवाओं से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर इच्छाशक्ति और आत्म-अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “आपके अंदर सब कुछ है, आवश्यकता केवल अपनी शक्ति को पहचानने और उसे सही दिशा में लगाने की है।”




