Connect with us
 

Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar

*नशे को दो विदाई, परिवार देगा बधाई: बीके पूर्णिमा*

*नशे को दो विदाई, परिवार देगा बधाई: बीके पूर्णिमा*

*मस्तूरी क्षेत्र के स्कूलों में चला नशामुक्ति और नैतिक शिक्षा अभियान*

*मस्तूरी।* ‘10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ के तहत मस्तूरी क्षेत्र के विभिन्न *शासकीय एवं गैर-शासकीय बालक व कन्या उच्चतर माध्यमिक, हाईस्कूल, मिडिल और प्राथमिक विद्यालयों* में नशामुक्ति एवं नैतिक शिक्षा अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के साथ मोबाइल के अत्यधिक उपयोग, क्रोध और आलस्य जैसी आदतों से होने वाले नुकसान के प्रति भी जागरूक किया गया। बच्चों को अच्छे संस्कार, अनुशासन, सकारात्मक सोच और जीवन में सफलता के लिए अच्छी आदतें अपनाने का संदेश दिया गया।

*बीके पूर्णिमा बहन* ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल शराब, तंबाकू और सिगरेट तक सीमित नहीं है। आज मोबाइल का अत्यधिक उपयोग भी बच्चों के जीवन और पढ़ाई को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को सुबह जल्दी उठने, नियमित अध्ययन, ध्यान और अच्छी संगति अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बच्चों से अपने परिवार को भी नशामुक्त बनाने में सहयोगी बनने का आह्वान किया।

*बीके ईश्वरी बहन* ने कहा कि समाज में बदलाव की शुरुआत स्वयं से होती है। यदि विद्यार्थी आज से ही बुरी आदतों को छोड़कर अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाएं तो परिवार और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ‘स्व-परिवर्तन से विश्व परिवर्तन’ का संदेश देते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को *‘नशे को दो विदाई, परिवार देगा बधाई’* सहित प्रेरणादायी नारों के साथ नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। मस्तूरी क्षेत्र के अनेक विद्यालयों में चले इस अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को नशे से बचाने के साथ उन्हें संस्कारवान, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाना रहा।