Brahma Kumaris Raj Kishore Nagar
अनुलोम विलोम से बढ़ती है प्राण ऊर्जा – ब्रह्माकुमारी गायत्री दीदी*
*अनुलोम विलोम से बढ़ती है प्राण ऊर्जा – ब्रह्माकुमारी गायत्री दीदी*
*आयुष विभाग के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराया गया योगाभ्यास, नशामुक्ति का दिलाया संकल्प*
बिलासपुर, राज किशोर नगर, 19 जून 2026। आध्यात्मिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिव अनुराग भवन में चल रहे योग शिविर में आज ब्रह्माकुमारी गायत्री दीदी के मार्गदर्शन में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आयुष विभाग के प्रतिनिधि – अविनाश दुबे एवं राजेश त्रिवेदी ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सत्र का शुभारंभ ‘ॐ’ के उच्चारण एवं प्रार्थना के साथ हुआ, जिसमें सभी ने प्रेम, सद्भाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
*व्यवस्थित योगाभ्यास कराया गया*
गायत्री दीदी ने प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायामों के अंतर्गत ग्रीवा संचालन, स्कंध संचालन, कटि संचालन एवं घुटना संचालन का अभ्यास कराया। इसके बाद खड़े होकर, बैठकर, पीठ व पेट के बल लेटकर किये जाने वाले आसनों व प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा अंत में शवासन के माध्यम से शरीर एवं मन को पूर्ण विश्राम कराया गया।
*प्राणायाम के साथ नशामुक्ति का संकल्प*
सत्र के अगले चरण में कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ के मेडिकल विंग की ओर से गायत्री दीदी ने सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति एवं स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। प्रतिभागियों ने स्वयं को व्यसनों से दूर रखने तथा समाज में स्वास्थ्य, शांति और सद्भाव का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
*बहतराई इंडोर स्टेडियम में शाम 5 बजे होगा पूर्वाभ्यास*
गायत्री दीदी ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम के लिए बहतराई इंडोर स्टेडियम में शनिवार 20 जून शाम 5:00 बजे पूर्व अभ्यास के लिए योग संचालक एवं योग प्रशिक्षक उपस्थित होंगे। जिला प्रशासन ने योग संचालन का प्रभार ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी जी को दिया है।
उन्होंने बतलाया कि मंजू दीदी द्वारा एक महीने से योग शिविर के आयोजन का उद्देश्य ही यह होता है कि हम 21 जून के लिए पूर्ण तैयार हो जाएँ व योग को अपने संस्कार बना लें।






