नारी ले जिम्मेवारी, तो बदले दुनिया सारी…..
ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा मस्तूरी में मनाया गया महिला दिवस
रैली में बैनर-पोस्टर के माध्यम से महिला जागृति के लिये दिया गया ईश्वरीय संदेश
‘‘आज के इस पुरूष प्रधान समाज में नारी शक्ति का स्थान भी अद्वितीय है क्योंकि ज्यादातर धन कमाने पुरूष जाता है लेकिन धन मांगता है मां लक्ष्मी से, युद्ध के मैदान में भी पुरूष जाता है लेकिन शक्ति मांगता है मांगता है मां दुर्गा या मां काली से, इसी तरह ज्ञान की देवी भी मां सरस्वती को कहा जाता है, ये सभी शक्तियां एवं वन्दे-मातरम्, भारत माता वर्तमान समय के यादगार हैं जब सर्व आत्माओं के पिता स्वयं परमपिता परमात्मा शिव इस धरा पर अवतरित होकर ज्ञान का कलश बहनों-माताओं को देते हैं।’’
उक्त बातें ब्रह्माकुमारीज़ टिकरापारा सेवाकेन्द्र प्रभारी ब्र.कु. मंजू दीदी जी ने महिला दिवस पर मस्तूरी में आयोजित जनजागृति रैली में समस्त नगर वासियों को संबोधित करते हुए कही। दीदी ने बताया कि विश्वभर में महिलाओं के द्वारा संचालित सबसे बड़ी संस्था ब्रह्माकुमारीज़, महिला सशक्तिकरण का अद्वितीय उदाहरण है जो कि विश्वभर के बड़े-बड़े शहरों के साथ-साथ भारत के गांव-गांव में भी मूल्यनिष्ठ समाज की स्थापना का कार्य भी कर रहा है। महिला सशक्तिकरण भी इसी का मुख्य अंग है। इसी उद्देश्य को लेकर ग्राम मस्तूरी के गायत्री मंदिर के निकट, लटियापारा स्थित भवन में कल से महिला सशक्तिकरण, गीता-ज्ञान एवं राजयोग मेडिटेशन कोर्स कराया जायेगा जो कि पूर्णतः निःशुल्क होगा।
रैली में बिलासपुर, मस्तूरी एवं आसपास के क्षेत्र से आये हुए ब्रह्माकुमार एवं ब्रह्माकुमारियां शामिल हुए। रैली में बैनर, पोस्टर व महिलाओं को प्रेरित करने वाले नारों जैसे- नारी का उद्धार-स्वर्णिम युग का द्वार, नारी में है शक्ति अपार-नारी करेगी जग उद्धार, नारी ले जिम्मेवारी तो बदले दुनिया सारी, नारी करेगी जब श्रेष्ठ आचरण तो दुनिया कहेगी वन्दे मातरम्, बहू बेटी मां और बहना-नारी होती घर-घर का गहना आदि के गुंजन से पूरे नगर का चक्र लगाया गया।