News
महिलाएं – नये भारत की ध्वजवाहक विषय पर ब्रह्माकुमारीज़ बलौदा में हुआ आध्यात्मिक कार्यक्रम,

बलौदा, 6 मार्चः- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के 20 प्रभागों के द्वारा इस पूरे वर्ष के कार्यक्रम ‘आजादी के अमृत महोत्सव से स्वर्णिम भारत की ओर’ थीम के अंतर्गत किये जा रहे हैं। बलौदा में इसकी शुरूआत महिला प्रभाग द्वारा महिला दिवस के दिन ‘महिलाएं-नए भारत की ध्वजवाहक’ विषय पर आध्यात्मिक कार्यक्रम से हुई।
ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने कहा कि युद्ध के मैदान में पुरूष जाता है लेकिन शक्ति मांगता है मां दुर्गा व काली से, धन कमाने भी पुरूष जाता है लेकिन धन मांगता है मां लक्ष्मी से और विद्या के क्षेत्र में भी पुरूष वर्ग अग्रणी है आजकल बहनें भी आगे आ गई हैं लेकिन विद्या की देवी कहा जाता है मां सरस्वती को, वन्दे मातरम कहा जाता है वन्दे पितरम नहीं। सभी नदियों के नाम बहनों के नाम पर है सिवाय ब्रह्मपुत्रा के। ये सब नारी में छिपी अपार शक्तियों का यादगार है। वर्तमान समय पुनः परमपिता परमात्मा शिव नारी शक्ति का मान बढ़ाने के लिए स्वयं इस धरा पर अवतरित होकर ज्ञान का कलष माताओं बहनों को देते हैं।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में बलौदा नगर पंचायत अध्यक्ष बहन ललिता पाटले, जिला पंचायत महिला मोर्चा अकलतरा से बहन सत्यभामा वैष्णव, बलौदा की अधिवक्ता बहन श्रद्धा देवांगन एवं भ्राता कन्हैया राठौर जी उपस्थित रहे। सभी ने महिला सशक्तिकरण के लिए प्रेरित करते हुए अपने जीवन के अनुभव सभी साझा किया।
महिला शक्ति एवं देशभक्ति गीतों पर हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
कु. खुशी एवं रोशनी ने मुझे क्या बेचेगा रूपैया…, ब्र.कु. प्रीति बहन ने जन-जन का कल्याण करेगी, शिव की शक्ति है नारी…व ब्र.कु. नीता बहन ने सर पे हिमालय का छत्र है….गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर सबके अंदर उमंग उत्साह भर दिया। हम सबके पिता परमात्मा शिवबाबा के 86वीं शिव जयन्ती पर सेवाकेन्द्र प्रांगण परमात्मा शिव का ध्वज भी फहराया गया। अंत में सभी अतिथियों को ईश्वरीय सौगात देकर सम्मानित किया गया। सभी को प्रसाद दिया गया। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी गायत्री बहन ने किया।
09 मार्च से निशुल्क राजयोग मेडिटेशन शिविर का आयोजन…
सकारात्मक चिंतन द्वारा स्व-सशक्तिकरण के लिए निःशुल्क सात दिवसीय राजयोग शिविर का आयोजन 9 मार्च से प्रातः एवं सायं 7 से 8 बजे किया जा रहा है। इसमें सभी वर्ग के व सभी उम्र के लोग भाग ले सकते हैं।